दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर व्यापारियों ने फिर तारीख बदलने की मांग की है । चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली 10 नवंबर के बाद कराने की अपील की है संगठन का कहना है कि दिवाली के आसपास रैली होने से दिल्ली के प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित हो सकता है।
10 लाख लोगों और 20 हजार गाड़ियों का अनुमान
CTI अध्यक्ष बृजेश गोयल के मुताबिक रैली में करीब 10 लाख लोगों और 15 से 20 हजार वाहनों के पहुंचने का अनुमान है. संगठन ने आशंका जताई है कि ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग और आवाजाही पर पाबंदियों से कारोबार को करीब 10 हजार करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है । यह व्यापारियों का अनुमान है, वास्तविक नुकसान का आंकड़ा नहीं।

रामलीला मैदान के आसपास चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार समेत कई बड़े थोक और खुदरा बाजार हैं, व्यापारियों को आशंका है कि रैली के दौरान ग्राहकों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से त्योहारों की बिक्री पर असर पड़ेगा ।
SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त के मुद्दे पर रैली
INDIA ब्लॉक की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध से जुड़ी है। राहुल गांधी ने पहले रैली टालने से इनकार करते हुए चुनाव आयोग के मुद्दे पर अपना पक्ष रखा था।
हालांकि, 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि व्यापारियों की अपील पर विचार किया जाएगा और समाधान निकालने की कोशिश होगी । अब रैली की तारीख को लेकर विपक्षी गठबंधन के अगले फैसले पर नजर है।