कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क मजबूत करने के लिए नई कानपुर एक्सप्रेस शुरू हो गई है । केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने 16 नवंबर को कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, इस मौके पर कानपुर की महापौर प्रमिला पांडे, अकबरपुर के सांसद देवेंद्र सिंह भोले और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे ।
यह दैनिक रेल सेवा कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प देगी । 428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच होंगे। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और दूसरे यात्रियों को फायदा मिलेगा।
फफूंद से गाजियाबाद तक इन शहरों को मिलेगी कनेक्टिविटी
कानपुर एक्सप्रेस रास्ते में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे कई औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा।फफूंद के जरिए औरैया के NTPC और गेल पाता जैसे औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। इटावा के कृषि क्षेत्र, टूंडला के रास्ते फिरोजाबाद के कांच उद्योग और हाथरस के हींग प्रसंस्करण, पीतल व कृषि आधारित उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। अलीगढ़ के ताला उद्योग और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, खुर्जा के सिरेमिक उद्योग तथा दादरी के लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक केंद्र को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
अनवरगंज-मंधना के बीच बनेगा 16 किमी एलिवेटेड ट्रैक
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कानपुर में अनवरगंज और मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले दशकों पुराने जाम की समस्या का स्थायी समाधान करेगा । उन्होंने बताया कि परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार है और जरूरी मंजूरियां भी मिल चुकी हैं। निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
बुलेट ट्रेन से दिल्ली-कानपुर का सफर 1 घंटा 45 मिनट में
रेल मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर का भी जिक्र किया उनके मुताबिक यह कॉरिडोर दिल्ली, आगरा, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ और अयोध्या को जोड़ते हुए आगे पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक जाएगा। परियोजना शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर का सफर करीब 1 घंटा 45 मिनट में पूरा हो सकेगा। लखनऊ से कानपुर की दूरी लगभग 27 मिनट और कानपुर से प्रयागराज की दूरी करीब 1 घंटा 15 मिनट में तय की जा सकेगी।