कोलकाता में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट की पांच मंजिला इमारत में करीब 1:45 बजे अचानक आग लग गई। इमारत में कई होटल चल रहे थे और जिस वक्त आग लगी, ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे।देखते ही देखते कमरों में धुआं भर गया। लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। दम घुटने से 9 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
धुएं ने बढ़ाई मुश्किल, 80 लोगों का रेस्क्यू

आग की खबर मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गईं। इमारत में धुआं इतना ज्यादा था कि ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना दमकलकर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया।दमकलकर्मियों ने सीढ़ियां लगाकर इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत की कूलिंग का काम जारी है।
शॉर्ट सर्किट बना आग की वजह?
फायर डिपार्टमेंट के मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, आग कैसे और कहां से शुरू हुई, इसकी पुख्ता जानकारी फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी।मंत्री के मुताबिक, इमारत में बुनियादी सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन को लेकर भी लापरवाही की शिकायतें सामने आई हैं। यहां संचालित हो रहे होटलों में नियमों के उल्लंघन के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
मालिक फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद इमारत का मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।अब जांच सिर्फ आग लगने की वजह तक सीमित नहीं है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इमारत में फायर सेफ्टी के इंतजाम थे या नहीं और होटल चलाने के लिए जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।