महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव में बुधवार रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव की घटना सामने आई। यह घटना टीपू सुल्तान चौक के पास हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है ।
वाशिम के पुलिस अधीक्षक निकेश खाटमोडे के मुताबिक जुलूस के दौरान गुलाल दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति के घर पर गिरने के बाद विवाद शुरू हुआ । इसके बाद पत्थरबाजी हुई, जिसमें तीन से चार दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी दी गई है।
गुलाल गिरने के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार जुलूस के तीन मंडल चौक से गुजर चुके थे। चौथे मंडल के गुजरने के दौरान विवाद हुआ । घटना के बाद आयोजकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक विसर्जन रोकने की बात कही, इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
तड़के 4 बजे हुआ प्रतिमा विसर्जन
पुलिस ने मामले में छह से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की जानकारी दी है । कुछ संदिग्धों की पहचान कर जांच की जा रही है हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजामों के बीच गुरुवार तड़के करीब 4 बजे दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन पूरा कराया गया । पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।