उत्तराखंड में मदरसों की साप्ताहिक छुट्टी को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है । अब शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त मदरसों में शुक्रवार की जगह रविवार को छुट्टी रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि जब मदरसे स्कूल के रूप में मान्यता प्राप्त हैं, तो उन पर शिक्षा विभाग के नियम भी लागू होने चाहिए, इस फैसले के बाद राज्य में मदरसों की शिक्षा व्यवस्था और साप्ताहिक अवकाश को लेकर चर्चा शुरू हो गई है ।
206 मदरसों पर लागू होगी नई व्यवस्था
राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह बदलाव शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन कर चुके कुल 206 मदरसों से जुड़ा है नई व्यवस्था के तहत इन संस्थानों में सोमवार से शनिवार तक पढ़ाई होगी, जबकि रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा ।
सरकार ने क्या बताई वजह?
सरकार का कहना है कि सभी शिक्षण संस्थानों में एक समान शैक्षिक व्यवस्था लागू की जानी चाहिए, शिक्षा विभाग से मान्यता लेने वाले मदरसों को भी निर्धारित नियमों और शैक्षणिक कैलेंडर का पालन करना होगा ।
राज्य में मदरसा शिक्षा व्यवस्था में पहले भी बदलाव किए गए हैं। अब मान्यता पढ़ाई और साप्ताहिक छुट्टी जैसे मामलों में शिक्षा विभाग के नियमों को लागू करने पर जोर दिया जा रहा है।
फैसले पर क्यों हो रही चर्चा?
शुक्रवार को छुट्टी की पुरानी व्यवस्था बदलने के फैसले पर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं । समर्थकों का तर्क है कि इससे शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता आएगी, जबकि विरोध करने वालों ने इस बदलाव पर सवाल उठाए हैं। सरकार के फैसले का असर खास तौर पर उन मदरसों पर पड़ेगा जो नई मान्यता व्यवस्था के दायरे में आते हैं।