होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर पर बुधवार को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिसे बाद में बुझा दिया गया। टैंकर पर सवार 21 भारतीय नाविकों समेत सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.जहाज का नाम M/T अल दसमा बताया गया है। अक्टूबर में भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हमले की यह पांचवीं घटना है। इन घटनाओं में अब तक 11 भारतीय नाविक घायल हुए हैं, जबकि दो भारतीयों के लापता होने की जानकारी है।
व्यापारिक जहाजों पर हमलों से भारत चिंतित
पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच भारत ने व्यापारिक जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। भारत ने ऐसे हमलों को कानूनी और नैतिक, दोनों दृष्टिकोण से गलत बताया है.सरकार का कहना है कि समुद्र में काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है.
विदेश मंत्रालय ने हमले रोकने को कहा
विदेश मंत्रालय ने व्यापारिक जहाजों, नाविकों और आम लोगों के इस्तेमाल वाले बुनियादी ढांचे पर हमले तुरंत रोकने की अपील की है. मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है.सरकार के मुताबिक, भारतीय नाविकों से जुड़ी घटनाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसके लिए जहाजों का संचालन करने वाली कंपनियों के संपर्क में रहा जा रहा है, ताकि समुद्र में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनकी भलाई सुनिश्चित की जा सके।