प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को मनीला में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित गाला डिनर में फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक पहनकर पहुंचे । उन्होंने 'बारोंग तागालोग' पहना था, जो फिलीपींस की राष्ट्रीय पोशाक और पुरुषों का औपचारिक पहनावा है राष्ट्रपति मार्कोस और दूसरे नेता भी इसी तरह की पोशाक में नजर आए।
यह रात्रिभोज फिलीपीन इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 49वें आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़ी बैठकों में शामिल होने आए नेताओं के सम्मान में आयोजित किया गया, इस साल सम्मेलन की थीम 'नेविगेटिंग द फ्यूचर' रखी गई है ।
रामायण के मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए मोदी
मनीला पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने वहां भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की, इसके बाद उन्होंने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति देखी और रामायण पर आधारित विशेष नाट्य मंचन में हिस्सा लिया। 'सीता: द रामायण रिविजिटेड' नाम की इस प्रस्तुति को इलिगन सिटी के इंटीग्रेटेड परफॉर्मिंग आर्ट्स गिल्ड (IPAG) ने तैयार किया था प्रधानमंत्री ने श्री सत्य साईं स्कूल के भारतीय और फिलिपिनो मूल के विद्यार्थियों द्वारा पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ भी सुना । इन कार्यक्रमों में भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक संबंधों की झलक देखने को मिली।

आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
मोदी 16 से 17 नवंबर तक फिलीपींस की आधिकारिक यात्रा पर हैं 17 नवंबर को वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे । भारत के लिए आसियान समूह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक रूप से काफी अहम है। भारत इन देशों के साथ समुद्री सुरक्षा, नौसेना के बीच तालमेल, व्यापार और क्षेत्रीय स्थिरता पर सहयोग बढ़ाना चाहता है।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के अनुसार, आसियान शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।भारत की एक्ट ईस्ट नीति में आसियान देशों के साथ मजबूत संबंधों को प्रमुख स्थान दिया गया है ।