संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को बहादुरी और जिम्मेदारी के लिए सम्मानित किया है। मंगलवार को उन्हें ‘जायद II–फर्स्ट क्लास’ सम्मान दिया गया। इस मौके पर UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छर को गले लगाया। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें UAE की पहचान बताया।
कैप्टन स्मित मच्छर ने 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में संकट के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। आरोप है कि विमान के को-पायलट ने कॉकपिट में उन पर हमला कर दिया और विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद कैप्टन ने स्थिति संभालने में मदद की, जिसके बाद विमान की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
UAE के राष्ट्रपति ने क्रू को भी किया सम्मानित
राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैप्टन मच्छर के साथ विमान के अन्य क्रू सदस्यों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में UAE के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद थे।UAE के नेताओं ने मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए कैप्टन और क्रू की तारीफ की। उन्होंने कहा कि संकट के समय दिखाई गई हिम्मत और जिम्मेदारी सराहनीय है.दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कैप्टन मच्छर की प्रशंसा करते हुए लिखा कि उन्होंने साहस, जिम्मेदारी और मानवीय जीवन के प्रति सम्मान की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि UAE को गर्व है कि कैप्टन मच्छर उसकी टीम और देश की कहानी का हिस्सा हैं।
कॉकपिट में इमरजेंसी कुल्हाड़ी से किया हमला
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान को-पायलट ने कॉकपिट में कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया। कैप्टन के सिर पर कई वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.बताया गया कि हमले में कॉकपिट में मौजूद इमरजेंसी कुल्हाड़ी का इस्तेमाल किया गया था। कैप्टन मच्छर ने इस दौरान विमान में हाईजैक जैसी स्थिति का संकेत भी भेजा.हमले के बावजूद विमान में मौजूद लोगों ने स्थिति संभालने की कोशिश की। कैप्टन मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू किया।