न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), जमशेदपुर एवं अनुमंडल विधिक सेवा समिति, घाटशिला द्वारा संचालित 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत मंगलवार को बहरागोड़ा प्रखंड के बनकाटा पंचायत तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बहरागोड़ा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमशेदपुर के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी उपस्थित रहे. उनके साथ चीफ एलएडीसी विदेश सिन्हा एवं सहायक एलएडीसी मनोज कुमार सिंह भी मौजूद थे.
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, डायन प्रथा, पॉक्सो अधिनियम एनडीपीएस अधिनियम, नालसा हेल्पलाइन नंबर-15100 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098 सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. वक्ताओं ने उपस्थित छात्राओं एवं ग्रामीणों को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में बनकाटा पंचायत के मुखिया, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डेन, शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस अवसर पर पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) आनंद साहू, राजेश प्रहराज, सम्पा रानी कारेक, राजा भोल, जामिनी सिंह, अनुराग साहू, बालीराम हेंब्रम, नागेंद्र कुमार तथा दिलीप जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे.