मनीष मंडल/ न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में बकरीद का पर्व पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया. सुबह होते ही मुस्लिम समुदाय के लोग नए कपड़ों में ईदगाह और मस्जिदों की ओर रवाना हुए. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने एक साथ ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की. नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी.
नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ. हर घर में परंपरा के अनुसार बकरे की कुर्बानी दी गई. इस रिवाज ने त्यौहार के असली मकसद, यानी त्याग और मदद की भावना को मजबूत किया.
दोपहर में पूरा माहौल खुशनुमा हो गया. लोग एक-दूसरे के घर गए, सेवइयां, कुरमा और बिरयानी का लुत्फ उठाया. बच्चों के चेहरे पर नए कपड़ों और ईदी की खुशी साफ झलक रही थी. हिन्दू-मुस्लिम सभी समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को मिलकर बधाई दी, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली.
त्यौहार को शांतिपूर्ण बनाने के लिए बेंगाबाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद थे. बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह खुद मौजूद रहे. ईदगाह, मस्जिदों और चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. इधर बेंगाबाद में बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ.
यह भी पढ़ें: एके सिंह कॉलेज जपला में ऐड ऑन कोर्स के सफल विद्यार्थियों को मिला प्रमाण-पत्र