प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: पवित्र बकरीद पर्व के अवसर पर गुरुवार को बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला. प्रखंड के जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, पोखरी कला, बेतला, कुचीला समेत विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ बकरीद की नमाज अदा की. सुबह से ही मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ने लगी थी. नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा देश, राज्य और क्षेत्र में अमन, चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी.
नमाज के दौरान मौलानाओं और इमामों ने बकरीद पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्योहार त्याग, बलिदान, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है. उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा समाज में प्रेम और शांति का वातावरण कायम रखने की अपील की. नमाज के बाद कई जगहों पर लोगों ने जरूरतमंदों के बीच सहायता सामग्री का भी वितरण किया.
बकरीद पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा. पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. मस्जिदों और संवेदनशील स्थलों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थी. अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी वीरेंद्र राम, अंचलाधिकारी लोकेश सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे. पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई.
इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने मुस्लिम समुदाय सहित क्षेत्रवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बकरीद का पर्व हमें त्याग, समर्पण और भाईचारे की सीख देता है. उन्होंने लोगों से प्रेम, सद्भाव और एकता के साथ पर्व मनाने की अपील की. वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को बकरीद की बधाई देते हुए समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: होर्मुज में बढ़ा तनाव, अमेरिका ने फिर किए ईरानी ठिकानों पर हमले, बंदर अब्बास में देर रात गूंजे धमाके