न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के मोराबादी स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में रविवार को हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा आयोजित हुई. बैठक में वर्ष 2026-30 के लिए नई 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का चुनाव संपन्न हुआ. चुनाव अधिकारी सह सेवानिवृत्त आईएएस अंजनी कुमार मिश्र ने घोषणा की कि सभी 11 पदों पर केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए. भारतीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों के तहत हॉकी इंडिया में पदाधिकारी होने के कारण भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार हॉकी झारखंड के अध्यक्ष बने.
नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, अशोक भगत और चंद्रयाणी मजूमदार, महासचिव मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी), संयुक्त सचिव सुरजीत कुमार झा और दुलारी टोपनो, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा तथा कार्यकारिणी सदस्य जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता और पल्लवी कच्छप शामिल हैं. उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में जयंत केरकेट्टा और बिगन सोय तथा एथलीट समिति में तारिणी कुमारी और नरबोट कुजूर का चयन हुआ.
आमसभा में वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, लेखा-जोखा, ऑडिट रिपोर्ट, सचिवीय प्रतिवेदन, लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी, आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन और खिलाड़ियों के प्रदर्शन समेत आठ एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित किया गया.
बैठक में हॉकी झारखंड ने खेल को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने की पहल के तहत 20 जिलों को 65-65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट वितरित किए. पहले जिन चार जिलों को किट मिल चुकी थी, उन्हें छोड़कर शेष जिलों को हॉकी स्टिक और गेंद उपलब्ध कराई गई.
निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में झारखंड के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है. वर्तमान में राज्य के 15 खिलाड़ी भारतीय टीम में और 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय कैंप में हैं. उन्होंने कहा कि आज झारखंड के सभी 24 जिलों में हॉकी का विस्तार हो चुका है और प्रशिक्षकों व अंपायरों की मजबूत व्यवस्था तैयार हुई है.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने लगातार चौथी बार विश्वास जताने के लिए सभी जिला इकाइयों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की हॉकी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा.
चुनाव प्रक्रिया के दौरान हॉकी इंडिया के पर्यवेक्षक शेखर जे. मनोहरन तथा झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष शिवेन्द्रु दुबे भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: संसद के मानसून सत्र से पहले हंगामा शुरू, सर्वदलीय बैठक में दिखे बागी, घटती ताकत अहसास होते ही बिफरे, किया वाकआउट