प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: एनएच-23 रांची-गुमला मुख्य मार्ग स्थित भरनो के मिशन चौक के समीप सर्विस रोड पर बुधवार की शाम एक लुना मोपेड और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.इस सड़क हादसे में नाना-नाती समेत चार लोग घायल हो गए.दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए.प्राप्त जानकारी के अनुसार लुना मोपेड पर सवार खरवागाढ़ा निवासी 60 वर्षीय बादल पंडित अपने 7 वर्षीय नाती के साथ जा रहे थे.इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई.
हादसे में बाइक सवार तुरीअम्बा सरनाटोली निवासी 55 वर्षीय लोहरा उरांव एवं 60 वर्षीय महू उरांव भी घायल हो गए.टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सभी घायल सड़क पर गिर पड़े.घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया.जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल बादल पंडित,उनके नाती एवं लोहरा उरांव की स्थिति चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.वहीं एक अन्य घायल को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
इधर दुर्घटना की सूचना मिलते ही भरनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई है.मामले की जांच की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मिशन चौक के आसपास सर्विस रोड पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं.लोगों ने प्रशासन से उक्त स्थल पर यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद नगर पंचायत चुनाव : नगर पंचायत अध्यक्ष अजय भारती को निर्वाचन कोर्ट में चुनौती