रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चाईबासा/डेस्क: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की प्रतिष्ठित “हिंदी सलाहकार समिति” का सदस्य नामित किया गया है. यह नामांकन गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा किया गया है. समिति का गठन सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने, उसके प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किया जाता है. इस समिति के अध्यक्ष खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री होते हैं तथा इसमें छह सांसद सहित भाषा व प्रशासन के क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्ध सदस्य शामिल रहते हैं.
अजय साह के मनोनयन को झारखंड भाजपा के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है. संगठन के नेताओं का मानना है कि हिंदी भाषा के प्रति उनकी निष्ठा और सार्वजनिक जीवन में सक्रियता के कारण ही उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है. इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर अजय साह को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया है कि समिति के सदस्य के रूप में वे हिंदी के संवर्धन और सरकारी कार्यों में राजभाषा के अधिकतम उपयोग के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण से काम करेंगे. संगठन को उनसे उज्ज्वल भविष्य और सकारात्मक योगदान की अपेक्षा है. बधाई देने वालों में पूर्व मंत्री बड़कुवर गगाराई और भाजपा का जिला मंत्री प्रताप कटिहार सहित भाजपा के पदाधिकारी शामिल है.