प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह के आदर्शनगर स्थित मुक्ति धाम के सामने खेत में लगभग एक वर्ष पूर्व बिना चालान के जब्त कर रखे गए बालू के अवैध उठाव का मामला सामने आया है. आरोप है कि जब्त बालू को इन दिनों धड़ल्ले से ट्रैक्टरों के माध्यम से उठाकर सड़क निर्माण कार्य में लगाया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि वर्तमान में एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) की रोक के बावजूद बालू का उठाव जारी रहने की चर्चा है.
जानकारी के अनुसार, उक्त बालू को एक वर्ष पूर्व बिना वैध चालान पाए जाने पर प्रशासन द्वारा जब्त किया गया था और आदर्शनगर मुक्ति धाम के सामने स्थित खेत में सुरक्षित रखा गया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वहां से लगातार बालू की निकासी हो रही है और उसे सड़क निर्माण कार्य में उपयोग किया जा रहा है.मामले पर पूछे जाने पर बरवाडीह अंचलाधिकारी लवकेश सिंह ने कहा, "इस मामले की मुझे कोई जानकारी नहीं है. हमारी ओर से किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी गई है. फिलहाल एनजीटी की रोक भी लागू है. यदि जब्त बालू का उठाव हो रहा है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन की अनुमति के बिना जब्त बालू का उठाव किया जा रहा है, तो यह नियमों की खुली अवहेलना है और इससे सरकारी कार्रवाई की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े होते हैं. अब निगाहें प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: गोरहर में कंटेनर की डिवाइडर से टक्कर, केबिन में लगी भीषण आग, चालक बाल-बाल बचा