प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह प्रखंड के खुरा निवासी सीआरपीएफ जवान उपेंद्र राम की मंगलवार को ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी. बताया जाता है कि जम्मू-कश्मीर से तबादला होकर पश्चिम बंगाल जाने के बाद छुट्टी पर घर लौटने के दौरान कोलकाता-दिल्ली रेलखंड में यह हादसा हुआ.घटना के बाद पोस्टमार्टम समेत सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं. इसके बाद सीआरपीएफ द्वारा बुधवार शाम जवान का शव हवाई मार्ग से रांची लाया गया. रांची स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद देर शाम सीआरपीएफ की टीम सड़क मार्ग से शव को उनके पैतृक गांव खुरा लेकर पहुंची.शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
उपेंद्र राम अपने पीछे मां, पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. वह अपने परिवार के एकमात्र सहारा और घर के एकलौते चिराग थे. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.स्थानीय जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने उपेंद्र राम के घर पहुंचकर उनकी पत्नी और मां से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए परिवार को हिम्मत से काम लेने की बात कही. इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन है.जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान सीआरपीएफ की टीम उन्हें अंतिम सलामी देगी.
यह भी पढ़ें: बोकारो थर्मल थाना चौक में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को किया गया स्वक्षता के प्रति जागरूक