न्यूज़11 भारत
देवघर/डेस्क: देवघर में राजकीय श्रावणी मेले के दौरान कल मंगलवार को शिवगंगा तालाब के पास भट्टर धर्मशाला के कुएं में अचानक एक श्रद्धालु गिर गया. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मेला कंट्रोल रूम को दी. इसके बाद शिवगंगा तालाब पर तैनात एनडीआरएफ टीम ने बिना वक्त गंवाए राहत कार्य शुरू किया. एक कर्मी रस्सी और कैराबिनर के सहारे गहरे कुएं में उतरा और पीड़ित को सुरक्षित बांधा. इसके बाद रस्सी और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से पीड़ित को कुएं से सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया. घटना कल दोपहर करीब 1:30 बजे की है.
कुएं से निकाले गए श्रद्धालु की पहचान बिहार के गया जिले के बोधगया निवासी विलास चौधरी के 28 वर्षीय पुत्र योगेंद्र चौधरी के रूप में हुई है. एनडीआरएफ की टीम ने युवक को बाहर निकालने के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्रदान की. वर्तमान में पीड़ित की स्थिति स्थिर है. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पुलिस ओपी नंबर 06 को सौंप दिया गया, जहां से उन्हें आगे के इलाज और देखभाल के लिए मेडिकल कैंप भेज दिया गया है.