विकास कुमार/न्यूज 11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पूर्व विधायक कमलेश कुमार सिंह के निर्देश पर उनके प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के डाल्टनगंज स्थित महाप्रबंधक से मुलाकात कर हुसैनाबाद-हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर 12 सूत्री ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में अनुमंडल विद्युत डिवीजन की स्थापना, पचंबा ग्रिड में 50 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर लगाने, विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों के सुदृढ़ीकरण, बैराव पावर सब-स्टेशन की क्षमता वृद्धि, किसानों के जले हुए ट्रांसफार्मरों का शीघ्र प्रतिस्थापन तथा हरिहरगंज एवं पिपरा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित कई मांगें शामिल हैं.
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बिजली की समस्याओं से परेशान है और अब इसका स्थायी समाधान जरूरी है. साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो पूर्व विधायक कमलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र की जनता शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक जनआंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी.महाप्रबंधक से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता रामप्रवेश सिंह, योगेंद्र कुमार सिंह, विनय पासवान, सोमेश सिंह, हंसराज सिंह, रंजीत पासवान एवं राजीव रंजन शामिल थे.