न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू की जनता को एक बड़ी सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सूरत पूरी तरह बदल जाएगी. सिंगरा-चेड़ाबार के बीच कोयल नदी पर बने पुल के एप्रोच रोड और रेलवे लाइन के पास लगभग 101 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाईओवर (आरओबी) का भव्य शिलान्यास किया गया. इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास पलामू सांसद विष्णु दयाल राम और स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई अन्य गणमान्य लोग और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
समारोह के दौरान मीडिया से बात करते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि यह परियोजना न केवल पलामू जिला, बल्कि इस पूरे क्षेत्र के यातायात के लिए बेहद महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने बताया कि कोयल नदी पर पुल बने कई वर्ष बीत चुके थे, लेकिन एप्रोच रोड न होने के कारण जनता इस पुल का कोई लाभ नहीं उठा पा रही थी. राज्य सरकार द्वारा पुल निर्माण में खर्च की गई राशि एक तरह से बेकार साबित हो रही थी और स्थानीय लोगों की ओर से लगातार दोनों तरफ एप्रोच रोड बनाने की मांग की जा रही थी.
सांसद ने परियोजना की पृष्ठभूमि साझा करते हुए बताया कि जनता की इस गंभीर समस्या को देखते हुए मार्च 2023 में उनके प्रयासों से भारत सरकार ने सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के अंतर्गत लगभग 101 करोड़ रुपये की इस योजना को अपनी स्वीकृति दी थी. इसके बाद रेलवे बोर्ड से रेलवे लाइन के ऊपर आरओबी (फ्लाईओवर) बनाने की आवश्यक अनुमति (GAD) भी प्राप्त कर ली गई है.
भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के संबंध में सांसद विष्णु दयाल राम ने स्पष्ट किया कि जिन रैयतों की जमीन इस परियोजना के दायरे में आ रही है, उनके मुआवजे की राशि सरकार द्वारा स्वीकृत की जा चुकी है और जिला प्रशासन के पास पहुंच चुकी है. राजस्व अधिकारियों द्वारा किए गए आकलन के आधार पर जल्द ही इस राशि का वितरण भी शुरू कर दिया जाएगा.
राजनीति का केंद्र बने पुल को अब मिला धरातल
स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने पलामू की जनता और सांसद विष्णु दयाल राम को इस ऐतिहासिक कार्य के लिए बधाई दी. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डाल्टनगंज के सिंगराम में भारत सरकार के सहयोग से एक बेहद मजबूत और जरूरी कार्य का शुभारंभ हुआ है. यह पुल वर्षों से लंबित था और हमेशा स्थानीय राजनीति का मुख्य केंद्र बना रहता था. कई लोग इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति चमकाने का काम करते थे, लेकिन आज सांसद बीडी राम जी के कुशल नेतृत्व में हम सभी ने मिलकर इस समस्या का स्थाई समाधान ढूंढ निकाला है.
विधायक ने आगे कहा कि यहां की आम जनता और हर एक व्यक्ति की जुबान पर यही सवाल रहता था कि यह पुल और रास्ता कब बनेगा. विशेषकर बरसात के दिनों में लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था, जहां कभी मोरम तो कभी अन्य सामग्रियां गिराकर काम चलाना पड़ता था.
आज इस बड़ी समस्या का हल निकाल लिया गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी क्षेत्र की उन्नति, विकास और आम जनों की प्रगति के लिए सड़क, पुल और पुलिया सबसे बुनियादी और महत्वपूर्ण जरूरतें होती हैं. एक जनप्रतिनिधि के रूप में हमारा यह दायित्व है कि जनता के सहयोग से हम उनकी मूलभूत समस्याओं को धरातल पर हल करें. यह फ्लाईओवर जब बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगा, तो क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेगा.
इस फ्लाईओवर के बन जाने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि इसे एनएच-75 (NH-75) फोरलेन सड़क से जोड़ा जाएगा. इसके बाद रांची की ओर से आने वाले जो लोग सीधे बनारस (वाराणसी) जाना चाहते हैं, उन्हें बेहद सुगम और सीधा रास्ता मिल जाएगा. इसके अलावा शाहपुर-गढ़वा रोड की तरफ जाने वाले वाहन चालक भी इस पुल और नए मार्ग का उपयोग कर बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे.
यह भी पढ़ें: रामगढ़ में नव-निर्मित लाइब्रेरी 10 दिनों में होगी शुरू, DC ऋतुराज ने किया निरीक्षण