पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के खापीया गांव के समीप कोयल नदी से घाघरा पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है. शव की पहचान पुसो थाना क्षेत्र के लादा गांव निवासी सुरेश उरांव के रूप में हुई है. सुरेश उरांव पिछले चार दिनों से लापता थे. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
जानकारी के अनुसार सुरेश उरांव गुरुवार को मवेशियों को चराने के लिए घर से निकले थे. शाम के समय गाय और बैल वापस घर लौट आए, लेकिन सुरेश उरांव घर नहीं पहुंचे. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से उनकी काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका.
इसी बीच बीते शाम करीब छह बजे खापीया गांव के ग्रामीणों ने कोयल नदी में एक शव को तैरते हुए देखा. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना घाघरा पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया. बाद में शव की पहचान लादा निवासी सुरेश उरांव के रूप में हुई.
घाघरा पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
यह भी पढ़ें: जायदा पुल के पास नदी में नहाने के दौरान चालक लापता, देर शाम तक चलता रहा रेस्क्यू अभियान