मनीष मंडल/ न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड स्थित करणपुरा में मुहर्रम के मौके पर ताजिया का विशाल महाजुटान संपन्न हुआ. इस महाजुटान में करणपुरा पंचायत के दनुवाडीह, खंडोली, करणपुरा, भोजदहा, सिमराढाब, खूटाबांध सहित आसपास के गांवों से दर्जनों ताजिया शामिल हुए.
दोपहर बाद से ही ताजिया जुलूस करणपुरा मैदान में पहुंचने लगे. ढोल नगाड़ों की गूंज और या हुसैन की सदाओं से पूरा इलाका गूंज उठा. जुलूस के साथ चल रहे अखाड़ा खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए. लाठी, तलवार, बनेठी और आग के खेल देखकर दर्शक दंग रह गए. युवाओं के जोश और कला ने मेले का माहौल बना दिया.
कार्यक्रम में बेंगाबाद के अंचल अधिकारी सफी आलम और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए लोगों को बधाई दी. मौके पर पूर्व मुखिया प्रतिनिधि पांचू मियां, पंचायत समिति सदस्य मो सलीम, सामाजिक कार्यकर्ता खुर्शीद अनवर हादी, लिटन दास, मो हामिद, मो मंसूर, मो साहिल, मो आजाद, सुरेंद्र लाल, भुवनेश्वर दास समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
महाजुटान देखने के लिए हजारों की संख्या में महिला पुरुष और बच्चे जुटे थे. दूर दराज के गांवों से भी लोग परिवार सहित पहुंचे. हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए सभी समुदाय के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया. पुलिस प्रशासन ने भी चाक चौबंद व्यवस्था रखी जिससे कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. देर शाम तक करतबों का दौर चलता रहा.