गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत मांगड़ोशोल निवासी, झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र नाथ हांसदा के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. उनके निधन से पूरे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र सहित सामाजिक एवं राजनीतिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है.
हांसदा झारखंड आंदोलन के समर्पित सिपाही थे. उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनहित, सामाजिक न्याय तथा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया. वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संगठनात्मक ढांचे में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे तथा बहरागोड़ा प्रखंड सचिव के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
उनका सरल स्वभाव, संघर्षशील व्यक्तित्व एवं समाज के प्रति समर्पण उन्हें जनमानस के बीच एक सम्मानित पहचान दिलाता था. वे सदैव आम लोगों के सुख-दुःख में सहभागी रहे और जनसेवा को अपने जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य माना.
उनका निधन झारखंड आंदोलन, समाज तथा बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा के साथ-साथ संगठन के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा.
ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, परिजनों एवं उनके असंख्य शुभचिंतकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
यह भी पढ़ें: रोजगार की तलाश में गया मजदूर नहीं लौटा जिंदा, गांव पहुंचा शव तो मातम में डूबा पूरा इलाका