संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड की राजधानी रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पलामू में जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार और प्रदेश अध्यक्ष श्री वीरेंद्र प्रधान जी की घोषणा के तहत, पलामू जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेदिनीनगर स्थित छ: मुहान टेंपो स्टैंड से समाहरणालय (उपायुक्त कार्यालय) तक विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अपनी लोकतांत्रिक मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे निर्दोष छात्रों और नागरिकों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करना हेमंत सरकार की तानाशाही और अंग्रेजी हुकूमत जैसी मानसिकता को दर्शाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा हर वर्ग त्राहिमाम कर रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) छात्रों के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर सदन तक आर-पार की लड़ाई लड़ेगी.
विरोध प्रदर्शन के उपरांत पार्टी के एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पलामू उपायुक्त आदरणीय दिलीप प्रताप सिंह शेखावत से मुलाकात कर उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा. उपायुक्त महोदय ने मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इस अवसर पर पलामू जिला उपाध्यक्ष रमाकांत दुबे, अनूप कुमार सिंह, रंजीत पासवान, बिट्टू खान, मनजीत कुमार, मदन सिंह, मंटू तिवारी, दीपक कुमार पासवान, डब्लू पासवान, विजय सिंह, उदय प्रजापति समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में भाजपा की तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे, कार्यकर्ताओं ने यात्रा में दिखाया देशभक्ति का जज्बा