न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर कथित हमले की बड़ी साजिश का खुलासा होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हाई अलर्ट पर हैं. मामले की जांच में जुटी रांची पुलिस को पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर लगातार छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, संघ कार्यालय को निशाना बनाने की साजिश पिछले करीब दो महीनों से रची जा रही थी. आरोपियों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम हमले की योजना बनाई थी और घटना से संबंधित एक वीडियो भी तैयार किया था. जांच में यह बात भी सामने आई है कि उक्त वीडियो किसी अन्य व्यक्ति को भेजा गया था, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा गिरफ्तार मुख्य आरोपियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. जांच एजेंसियों को आशंका है कि यदि आरोपी अपनी योजना में सफल हो जाते, तो उन्हें आगे किसी अन्य बड़ी वारदात को अंजाम देने का जिम्मा भी सौंपा जा सकता था.
मामले में दो मुख्य आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जबकि कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क और संभावित संपर्कों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है. रांची पुलिस की टीमों द्वारा राजधानी के विभिन्न इलाकों समेत अन्य स्थानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियां मामले के हर पहलू की जांच कर रही हैं ताकि साजिश के पीछे जुड़े सभी लोगों की पहचान की जा सके.
हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से सभी जांच बिंदुओं और पूछताछ में सामने आए तथ्यों की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. लेकिन प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि समय रहते कार्रवाई कर एक गंभीर साजिश को विफल कर दिया गया. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही विस्तृत खुलासा कर सकती है.
यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन फर्जीवाड़ा मामला: प्रमोद महतो की अग्रिम जमानत पर सुनवाई टली, 24 जून को होगी अगली सुनवाई