सुरेन्द्र प्रसाद/न्यूज11 भारत
बोकारो/डेस्क: बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह निवासी एक नाबालिग लड़का 6 जून से लापता था. परिजनों द्वारा बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाया और आखिरकार बच्चे को ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया. हेडक्वार्टर डीएसपी *पवन कुमार* ने बताया कि मामला दर्ज होने के तुरंत बाद चार टीमों का गठन किया गया था. एक टीम थाना स्तर से लगातार निगरानी कर रही थी, जबकि तीन टीमों को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और खोजबीन के लिए रवाना किया गया था.
पुलिस टीम ने जांच के दौरान करीब 7 से 8 रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज के आधार पर नाबालिग की गतिविधियों का पता लगाया गया और उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए उसे ओडिशा के पुरी से बरामद कर लिया गया. डीएसपी ने बताया कि बच्चे के पिता वर्तमान में जेल में हैं. पारिवारिक परेशानियों के कारण नाबालिग घर छोड़कर भटकते हुए पुरी पहुंच गया था. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के माध्यम से नाबालिग की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत की सांस ली है.