गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: उत्क्रमित उच्च विद्यालय, झांझिया में शुक्रवार को बरसोल थाना पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए पोक्सो एक्ट , बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बरसोल थाना के सब-इंस्पेक्टर सिकंदर यादव, महिला चौकीदार स्मृति रानी दास, अंजना पाल एवं वंदना मुंडा ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिकंदर यादव ने पोक्सो एक्ट के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, शोषण अथवा अन्य अप्रिय घटना होने पर उसे कभी भी छिपाना नहीं चाहिए. ऐसी स्थिति में विद्यार्थी तत्काल अपने माता-पिता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अथवा किसी विश्वसनीय शिक्षक को इसकी जानकारी दें. आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी भय के संबंधित थाना में सूचना देने के लिए भी बच्चों को प्रेरित किया गया.
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सामाजिक असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने, अजनबियों के बहकावे में न आने तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की सलाह दी. साथ ही बताया कि पुलिस प्रशासन बच्चों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक आदित्य करण ने भी विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्हें आदर्श एवं अनुशासित छात्र बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नियमित रूप से विद्यालय आएं, विद्यालय से घर सुरक्षित तरीके से जाएं तथा अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों के संपर्क में रहें.
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने, कम उम्र में मोटरसाइकिल या अन्य वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का सीमित एवं आवश्यक उपयोग करने, तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने की भी सलाह दी गई. साथ ही जीवन में अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया.
यह भी पढ़ें: नवा टोली में प्रदेश कांग्रेस सचिव जैश रंजन पाठक का भव्य स्वागत, कहा- सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे