न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जानकीनगर स्थित आजसू नेता एवं पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की. यह कार्रवाई जमीन विवाद से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई. छापेमारी के दौरान इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जांच के लिए जैसे ही अजहर इस्लाम के घर पहुंची, वहां विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई. आरोप है कि पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया.
बताया जा रहा है कि विवाद अजहर इस्लाम के पड़ोस की एक जमीन को लेकर है. इस जमीन पर अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) द्वारा धारा 144 लागू की गई थी. आरोप है कि मंगलवार को प्रतिबंध के बावजूद विवादित जमीन पर मजदूर लगाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था. इसकी शिकायत जमीन मालिक ने मुफस्सिल थाना में दर्ज कराई थी.
शिकायत मिलने के बाद मंगलवार देर शाम पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार किए जाने की सूचना है. मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने घटना की जानकारी अपने वरीय अधिकारियों को दी, जिसके बाद जिले के तीन थानों की पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई के लिए पहुंची.
छापेमारी के दौरान अजहर इस्लाम के आवास का मुख्य दरवाजा बंद मिला और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस कई घंटों तक वहां डटी रही. इसी बीच श्रम विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बगीचे में काम कर रहे दो नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया.
फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. वहीं, छापेमारी के दौरान अजहर इस्लाम और उनके समर्थक मौके पर मौजूद नहीं मिले. पुलिस जमीन विवाद, सरकारी आदेश के उल्लंघन और पुलिस के साथ कथित अभद्रता के मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: एसआईआर प्रक्रिया में कोई मतदाता नहीं छूटे भाजपा ने रवाना किया जागरूकता रथ