संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: जिला दण्डाधिकारी -सह- DC, सरायकेला-खरसावां नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन निवारण) नियमावली तथा झारखंड माइनर मिनरल कन्सेशन (JMMC) नियमावली में किए गए संशोधनों की जानकारी दी गई. DC ने निर्देश दिया कि पूर्व बैठक में अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों एवं संबंधित सदस्यों को भी ऑनलाइन माध्यम से उक्त संशोधनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए.
समीक्षा के दौरान जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने बताया कि जिले के खनन पट्टा क्षेत्रों एवं ईंट भट्टों का मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है. इस पर DC ने स्टोन क्रशरों एवं डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग प्रक्रिया में शामिल करने तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों का स्पष्ट सीमांकन प्रदर्शित करने का निर्देश दिया.
DC ने जिन बालू घाटों की नीलामी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनके संचालन हेतु संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से ग्राम सभा की स्वीकृति यथाशीघ्र प्राप्त करने का निर्देश दिया. साथ ही पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज शीघ्र उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पदाधिकारी को जिले के शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में संलग्न वाहनों की नियमित जांच करने, वाहनों में तिरपाल की अनिवार्य ढंकाई सुनिश्चित करने तथा मासिक निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया.
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, संयुक्त छापेमारी अभियान तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
DC ने जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को अवैध खनन, विशेषकर बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए समन्वित एवं संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एनजीटी अवधि के दौरान नदी तल से किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं होने दिया जाए तथा इस संबंध में सतत निगरानी और सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, संयुक्त छापेमारी अभियान तथा सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए. साथ ही अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
बैठक में अपर DC जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, जिले के सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भरनो के दुम्बो पीपरटोली गांव में इमली का विशाल पेड़ गिरने से तीन सगे भाइयों का घर ध्वस्त, बाल-बाल बचा परिवार