विकास कुमार/संतोष श्रीवास्तव
हुसैनाबाद/डेस्क: मरीजों और स्थानीय लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासनिक टीम ने गुरुवार को हैदरनगर स्थित मां विंध्याचल हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया.अचानक हुई जांच में अस्पताल की व्यवस्था में कई गंभीर खामियां सामने आईं.निरीक्षण के दौरान आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ, साफ-सफाई, बायो-मेडिकल वेस्ट के निस्तारण तथा आवश्यक दस्तावेजों के रखरखाव में अनियमितता पाई गई. टीम ने अस्पताल के वार्ड और ऑपरेशन थिएटर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई और बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण से जुड़े मानकों का समुचित पालन नहीं मिला. अस्पताल के रजिस्ट्रेशन, चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी और संचालन से संबंधित आवश्यक अनुमतियों के दस्तावेज भी अधूरे पाए गए. इस पर अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने और अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तय समय में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सील किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पहले भी सील हो चुका है अस्पताल
बतादे कि उक्त निजी अस्पताल को अक्टूबर 2025 मे तत्कालीन उपायुक्त पलामू समीरा एस. के निर्देश पर हैदरनगर के तत्कालीन सीओ संतोष कुमार, तत्कालीन थाना प्रभारी अफजल अंसारी एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ज्योतिष कुमार ने जांच के बाद सील किया था. इसके बावजूद अस्पताल का दोबारा संचालन शुरू होना जांच का विषय बना हुआ है. निरीक्षण टीम में डॉ. विनेश कुमार, अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के उपाधीक्षक डॉ. शशि भूषण सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी शामिल थे.
यह भी पढ़ें: गांडेय के पंचनटांड में घर में घुसकर महिला से लूटकांड में मामला दर्ज, पुलिस ने शुरू किया अनुसंधान