विरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: बरही चौक के समीप तिलैया रोड़ में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन के निर्देशन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति एवं उपद्रव की स्थिति से निपटने की तैयारी का प्रदर्शन किया.कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों द्वारा शक्ति प्रदर्शन किया गया. इसमें लाठी चार्ज, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग, आंसू गैस के गोले छोड़ना तथा फायरिंग जैसे अभ्यास शामिल रहे.
मॉक ड्रिल का उद्देश्य आम लोगों को यह संदेश देना था कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या उपद्रव की स्थिति में प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है. मौके पर उपस्थित बरही एसडीओ जोहन टुडू ने कहा कि बकरीद पर्व के अवसर पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मॉक ड्रिल आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो और कोई भी असामाजिक तत्व वातावरण बिगाड़ने में सफल न हो.
वहीं पुनि सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मॉक ड्रिल के दौरान बरही चौक पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे. पुलिस प्रशासन की सक्रियता और तैयारियों को देखकर लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें: महाबलेश्वर में भीषण सड़क हादसा, 800 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो; 8 की मौत