न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ समाहरणालय में मंगलवार को आयोजित जन समाधान दिवस में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं. इन्हीं सब के दौरान नागरिकों ने जमीनी विवाद, दादाजी की संपत्ति में बंटवारा कर अपने हिस्से की जमीन पर अधिकार दिलाने, शौचालय की राशी निलंबित रहने एवं आवास समेत अन्य मामलों को लेकर आवेदन दिए.
उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष एवं वास्तिविक जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
डीसी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके. उन्होंने कहा कि जन समाधान दिवस प्रशासन और आमजन के बीच संवाद, विश्वास एवं जवाबदेही मजबूत करने का प्रभावी मंच है.