मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: लपरा पंचायत अंतर्गत लोहराटोली, मुंडाटोली एवं हेसालाग गांव के ग्रामीण मंगलवार को आवास, पेंशन, पेयजल समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर खलारी प्रखंड कार्यालय पहुंचे. इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं से संबंधित एक लिखित आवेदन प्रशासन को सौंपा. आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि मुंडाटोली, लोहराटोली एवं हेसालाग गांव के कई जरूरतमंद परिवार अब तक आवास योजना के लाभ से वंचित हैं. साथ ही विधवा, वृद्ध एवं दिव्यांग लोगों को पेंशन का लाभ नहीं मिलने की शिकायत भी की गई. ग्रामीणों ने पेयजल संकट सहित अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई. मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रणव कुमार अम्बष्ट ने ग्रामीणों की समस्याओं को एक-एक कर सुना.
उन्होंने सभी बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. प्रणव कुमार अम्बष्ट ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिन पात्र परिवारों को अब तक आवास योजना का लाभ नहीं मिला है, उन्हें योजना आने पर प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाया जाएगा. वहीं रुके हुए पेंशन मामलों की जांच कर कई लोगों की पेंशन तत्काल चालू कराई गई. उन्होंने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी और कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. इधर, मामले से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद लपरा पंचायत से आए वृद्ध एवं विधवा लोगों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर कई विधवा एवं वृद्धा पेंशन के आवेदन भरे गए तथा जांच उपरांत स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू की गई. वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों की समस्या प्रकाशित होने के बाद लपरा निवासी गजाधर लोहरा का वर्षों से बंद पड़ा दिव्यांग पेंशन भी त्वरित कार्रवाई के तहत पुनः शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई. बताया गया कि उनका पेंशन बैंक संबंधी त्रुटि के कारण रुका हुआ था, जिसे सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: बुकिंग से ज्यादा LPG की सप्लाई हो रही, सरकार ने गैस सिलेंडर को लेकर किया देश को आश्वस्त, वितरण में भी आई तेजी