न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला से कथित दुष्कर्म और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, कटकमदाग थाना कांड संख्या 159/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में नामजद अभियुक्त विकास राय उर्फ विकास कुमार राय (21), पिता श्रवन कुमार, निवासी पलासी, जिला अररिया, बिहार और रुदल ऋषि (23), पिता नक्षत्र ऋषि, निवासी दवा सिंह बसा, थाना रुपौली, जिला पूर्णिया, बिहार को गिरफ्तार किया गया है. दोनों आरोपी वर्तमान में कटकमदाग थाना क्षेत्र के सिरसी में रह रहे थे.
परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं. पैर में चोट लगने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने की बात सामने आई है. परिजनों ने अस्पताल में इलाज और चिकित्सीय सुविधाओं को लेकर भी असंतोष जताया है. हालांकि, इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कथित दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी.घटना के बाद इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है. जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.