पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर स्थित कोयल नदी किनारे राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित एक छेका (सगाई) समारोह के दौरान वर-वधु पक्ष के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दूल्हे की दो बहनें घायल हो गयी है.
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, लड़का पक्ष पलामू जिले के चैनपुर के बंधुआ गांव का रहने वाला है, जबकि लड़की पक्ष चैनपुर प्रखंड के सेमराटांड गांव के रहने वाले हैं. दोनों परिवारों का छेका समारोह राम जानकी मंदिर में चल रहा था. इसी दौरान लड़की पक्ष के कुछ लोग भोजपुरी गाना बजाकर डांस करने की बात कर रहे थे. इस पर लड़का पक्ष के लोगों ने मंदिर परिसर में भोजपुरी गाना बजाने और डांस करने पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भाई के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंची दूल्हे की दो बहनों को भी धक्का दे दिया गया, जिससे दोनों बेहोश होकर गिर गईं.
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायल महिलाओं को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: सुबह-सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत, तीन की हालत गंभीर