मनीष मंडल/ न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड अंतर्गत लुप्पी पंचायत स्थित पहलूटांड गांव में पेयजल संकट गहरा गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बनी पानी की टंकी पिछले 5 वर्षों से खराब पड़ी है और एक बूंद पानी नहीं मिल रहा. पानी के लिए महिलाओं और बच्चों को हर दिन 2-3 किलोमीटर दूर नदी तक जाना पड़ता है. गर्मी में नदी भी सूखने की कगार पर है, जिससे हालात और खराब हो गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि खाना बनाना, नहाना और मवेशियों को पानी पिलाना तक मुश्किल हो गया है. कई बार बीमार बुजुर्ग बिना पानी के तड़पते रहते हैं.
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और स्थानीय विधायक को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. सभी जनप्रतिनिधि वादे करके भूल गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को गांडेय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द टंकी चालू नहीं हुई तो प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. फिलहाल पूरा गांव बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहा है और प्रशासन की उदासीनता से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कांके के पूर्व विधायक हरि राम उर्फ राम बाबू का निधन, कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक