मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी. लपरा पंचायत के लोहराटोली गांव में सोमवार को आरती देवी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई. बैठक में आवास योजना, वृद्धा पेंशन, जमीन की मापी, पेयजल संकट समेत कई बुनियादी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है. उनका कहना था कि योजनाएं प्रखंड स्तर पर दलालों और बिचौलियों के चंगुल में फंसकर रह गई हैं, जबकि गरीब परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि योजनाओं का लाभ उन्हीं लोगों को दिया गया है जो बिचौलियों के करीब हैं या लेन-देन करने में सक्षम हैं, जबकि वास्तविक जरूरतमंद परिवार अब भी वंचित हैं.
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि चुनाव के समय ग्रामीणों से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन बाद में समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता. उन्होंने बताया कि गांव के कई पात्र परिवार अब तक आवास, पेंशन, महिला स्वरोजगार एवं अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं. वहीं पेयजल संकट और जमीन मापी की समस्या भी लगातार बनी हुई है. ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि इन समस्याओं को लेकर मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर लिखित शिकायत की जाएगी, ताकि गांव की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके.
बैठक का संचालन कर रही (डालसा) की प्रतिनिधि ने महिलाओं को जागरूक और शिक्षित बनने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव के लिए महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है. रंजना गिरि ने गांव में नशाखोरी पर रोक लगाने, महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने तथा महिलाओं को कुटीर उद्योग से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया. बैठक में राधा कुमारी, शीला देवी, पूजा कुमारी, आरती कुमारी, गीता देवी, जीरवा देवी, सोनिया देवी, साधन देवी, सुवाष देवी, सोनाली कुमारी, सरस्वती देवी सहित अन्य कई ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: बुंडू के एसडीएम किस्टो कुमार बेसरा का तबादला, मोहन लाल मरांडी ने संभाली कमान