बृजेश कबीर, हरदोई: हरदोई मेला महोत्सव के 12वें सीजन की तैयारियों को लेकर रविवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित जी-10 कार्यालय में मेला समिति की बैठक हुई। आयोजक रवि किशोर ने बताया, गायन, नृत्य समेत विभिन्न आयु वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन को व्यवस्थित कराने के लिए आठ प्रमुख सदस्यों की समिति गठित की गई है।
गायन में प्राइमरी (3 से 10 वर्ष), जूनियर (8 से 14), सीनियर (15 से 34) और सुपर सीनियर (35 वर्ष से अधिक) वर्ग होंगे। नृत्य में प्राइमरी (3 से 10), जूनियर (11 से 15), सीनियर (15 वर्ष से अधिक) और सुपर सीनियर (35 वर्ष से अधिक) वर्ग रखे गए हैं। समूह और युगल नृत्य भी होंगे।
महोत्सव में मिस्टर हरदोई, मिस हरदोई, मिसेज हरदोई, किड्स रैंप शो, फेस पेंटिंग, दीया-मोमबत्ती सज्जा, स्केचिंग, कार्ड मेकिंग, कपल शो, सुपर मॉम शो, कुकिंग, चित्रकला, लेखन, क्राफ्ट, रंगोली, कलश सज्जा, मेहंदी, भाषण, वाद-विवाद, कविता पाठ, बैडमिंटन और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स की प्रतियोगिताएं भी होंगी। इस बार मेंढक दौड़, जलेबी दौड़ और तीन टांग दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
गायन और नृत्य प्रतियोगिताओं के ऑडिशन के लिए 27 सितंबर और 25 अक्टूबर की संभावित तिथियां प्रस्तावित की गईं। स्थान और समय जल्द तय किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के आवेदन फॉर्म जल्द ही प्रमुख स्थानों और विद्यालयों में उपलब्ध कराए जाएंगे।।बैठक में सुनील त्रिवेदी, स्मृति मिश्रा, आयुषी रस्तोगी, कुलदीप द्विवेदी, करुणा शंकर द्विवेदी, स्मृति मिश्रा, रज्जन सिंह, नवल किशोर अतिशय पांडेय, शरद कश्यप और अमन नागर मौजूद रहे।