भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संचालित होने वाली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए त्योहार का तोहफा आ गया है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने टिकट पर 25 फीसदी अतिरिक्त छूट देने की घोषणा की है। यात्रियों के लिए यह सुविधा 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक लागू रहेगी।
सुभाष नगर से एम्स तक कितनी छूट
मेट्रो के सीएमडी चैतन्य कृष्णा के मुताबिक सुभाष नगर से एम्स के बीच एक तरफ की यात्रा पर 25 फीसदी छूट मिलेगी। आने जाने का टिकट लेने पर यह छूट 30 फीसदी होगी, जबकि समूह यात्रा पर 35 फीसदी तक की छूट दी जाएगी। अब तक यात्रियों को 5 से 10 फीसदी छूट मिलती थी, जिसे बढ़ाकर 25 से 35 फीसदी कर दिया गया है। ग्रुप टिकट लेना भी पहले से आसान किया जा रहा है।
ई वॉलेट रिचार्ज पर पहले से बोनस
मोबाइल ऐप से ई वॉलेट रिचार्ज करने वालों को पहले से ही 8 से 15 फीसदी तक बोनस मिल रहा है। 200 से 499 रुपये के रिचार्ज पर 8 फीसदी और 500 से 999 रुपये पर 10 फीसदी बोनस मिलता है। 1,000 से 1,499 रुपये के रिचार्ज पर 12 फीसदी और 1,500 से 2,000 रुपये पर 15 फीसदी बोनस दिया जा रहा है।