CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश में गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक बड़ा कदम उठाया है। नरसिंहपुर में 11 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 की फीस राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से स्कूल के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
नरसिंहपुर में करेंगे सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनकर तैयार सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। केजी-1 से 12वीं तक के इस विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, खेल मैदान और बस परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसी विद्यालय की छात्रा माही साहू ने सत्र 2025-26 में 12वीं की राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में स्थान बनाकर विद्यालय का नाम रोशन किया था।
अब तक 3,600 करोड़ रुपये का भुगतान
आपको बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा साल 2011 से अब तक आरटीई के तहत निजी स्कूलों में पढ़ रहे गरीब वर्ग के 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस के रूप में 3,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।