CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नरसिंहपुर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कई विकास कार्यों की सौगात दी। इस मौके पर सीएम मोहन ने करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। साथ ही, क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की।
नरसिंहपुर के लिए बड़ी घोषणाएं
सीएम मोहन ने घोषणा करते हुए कहा कि 540 करोड़ रुपये की लागत से गोटेगांव-नरसिंहपुर-पिपरिया मार्ग का उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा खेरी नाका से रेलवे स्टेशन तक मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। नर्मदा नदी के बरमान घाट पर रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा और नरसिंहपुर में एक गीता भवन का निर्माण भी कराया जाएगा। इतना ही नहीं शहर में एकांत वन कॉरिडोर भी विकसित किया जाएगा।
पशुपालकों के लिए बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पशुपालकों को लेकर कहा है कि इस दीपावली के मौके पर प्रदेश के सभी विकासखंडों में पशुपालकों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
सीएम मोहन यादव ने अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर हमला बोला। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठाने से पहले ठोस प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए।