रवि काग, गंधवानी। धार लोकसभा क्षेत्र के लिए 8 सितंबर 2026 का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण बनने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार धार जिले के आदिवासी अंचल में रेल सुविधा पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस उपलब्धि के अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने धार सांसद सावित्री ठाकुर को आमंत्रण भेजा है। आमंत्रण पत्र में सांसद की गरिमामयी उपस्थिति का आग्रह किया गया है। आगामी 8 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड स्टेशन से नई ट्रेन सेवा तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों का भी शुभारंभ किया जाएगा।
2014 से रेल कनेक्टिविटी के लिए लगातार प्रयास
धार लोकसभा सांसद सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में अपने प्रथम कार्यकाल में सांसद निर्वाचित होने के समय से ही धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रही हैं। उन्होंने समय-समय पर केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को मजबूती से रखा। विशेष रूप से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए।
सांसद के वर्षों के निरंतर प्रयास, दृढ़ इच्छाशक्ति और पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक रेल पहुंचना क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से देखे जा रहे सपने के साकार होने जैसा है।
व्यापार, रोजगार और शिक्षा के खुलेंगे नए द्वार
टांडा रोड तक रेल पहुंचना महज आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि आदिवासी अंचल के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। रेल सुविधा से क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों और प्रमुख बाजारों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय उत्पादों के परिवहन के लिए भी बेहतर साधन उपलब्ध होगा।
इसके साथ ही बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना की स्वीकृति सहित रेल, सड़क, परिवहन एवं राज्य सरकार से जुड़ी ₹35 हजार करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्यप्रदेश और विशेष रूप से धार क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
धार का वर्षों पुराना रेल सपना अब साकार हो रहा है
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सांसद सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक रेल पहुंचना क्षेत्र के विकास के नए युग का शुभारंभ है। आने वाले समय में टांडा रोड से धार नगर तक रेलवे स्टेशन एवं रेल सुविधा से जुड़े कार्य भी पूर्ण होंगे, जिससे धार लोकसभा क्षेत्र के विकास को और अधिक गति मिलेगी। क्षेत्रवासियों में ऐतिहासिक रेल सुविधा शुरू होने को लेकर उत्साह का माहौल है।