कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। गोविंदनगर के पुराने पुल के पास स्थित चार मंजिला फर्नीचर शोरूम में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में उठता धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। शुरुआती जानकारी के अनुसार शोरूम के भीतर 6 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है, जबकि इमारत में अभी भी कूलिंग का काम जारी है।
देखते ही देखते चारों मंजिलें आग की लपटों में घिर गईं

सुबह करीब 6:30 बजे शोरूम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था।
6 लोगों के अंदर होने की आशंका, प्रशासन ने घेरा इलाका
आग लगने की सूचना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी में शोरूम के अंदर 6 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई। राहत और बचाव अभियान को देखते हुए प्रशासन ने गोविंदपुरी पुराने पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी, ताकि दमकल और रेस्क्यू टीम को किसी तरह की परेशानी न हो।
8 से अधिक दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की गंभीरता को देखते हुए फजलगंज, किदवई नगर समेत विभिन्न फायर स्टेशनों से 8 से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। एक विशेष वाटर टेंडर भी लगाया गया। दमकल कर्मियों ने तीन दिशाओं से पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और कई घंटे की मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पा लिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू
फर्नीचर कारोबारी गौरव भसीन ने बताया कि आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी। साथ ही शोरूम को हुए नुकसान और अंदर फंसे लोगों की स्थिति को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।