शिवपूजन मिश्रा, पीपरपुर (अमेठी): पीपरपुर पावर हाउस के नारायणपुर फीडर में आई खराबी को ठीक करने पहुंचे लाइनमैन करंट की चपेट में आ गए। हादसे में लाइनमैन सुशील कुमार शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि नारायणपुर फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद फॉल्ट की जानकारी मिलने पर लाइनमैन सुशील कुमार शर्मा उसे ठीक करने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान फॉल्ट ठीक करते समय अचानक उन्हें करंट लग गया। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल लाइनमैन को उठाकर उपचार के लिए सीएचसी भादर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत का परीक्षण किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय कर्मचारियों ने घटना की जानकारी जुटाते हुए घायल लाइनमैन के उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पीपरपुर के जेई रवि सिंह ने बताया कि नारायणपुर फीडर में फॉल्ट ठीक करने के दौरान लाइनमैन सुशील कुमार शर्मा करंट की चपेट में आ गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।