भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने का मामला सामने आया है। विधानसभा सचिवालय के भृत्य शुभम सोनी पर आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी का भरोसा देकर लोगों से पैसे लेकर जॉब दिलाने का भरोसा देता था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही सचिवालय ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। भोपाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
नौकरी के बदले रकम लेने का आरोप
पैसे देने का दावा करने वाले लोगों का कहना है कि उन्होंने विधानसभा सचिवालय में नौकरी की उम्मीद में शुभम सोनी को रकम दी थी। करीब डेढ़ साल गुजर गया, पर नौकरी नहीं लगी। तब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने पर शुरू कर दिए। मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि शुभम कथित तौर पर विधानसभा के नेताओं का नाम लेकर लोगों को भरोसा दिलाता था।
भोपाल में सड़क पर हंगामे का वीडियो वायरल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भोपाल में माता मंदिर के पीछे प्लेटिनम प्लाजा के पास कुछ लोगों का सामना शुभम सोनी से हो गया। उन्होंने उसे रोककर अपनी रकम लौटाने को कहा। इस पर मौके पर विवाद हो गया और वहां मौजूद लोगों ने शुभम की पिटाई भी कर दी। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया। वीडियो में लोग शुभम पर पैसे लेने का आरोप लगाते और रकम वापस मांगते दिख रहे हैं।
विधानसभा सचिवालय ने क्यों किया निलंबित
विधानसभा सचिवालय की जनसंपर्क शाखा के मुताबिक वायरल वीडियो में शुभम पर शासकीय सेवा में नौकरी के बदले धनराशि लेने के आरोप लगे हैं। सचिवालय का कहना है कि उसके खिलाफ पहले भी अनुचित कृत्यों को लेकर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी हो चुके हैं। इसके बाद भी उसके आचरण में सुधार नहीं दिखा।
सचिवालय ने कथित कृत्य को प्रथम दृष्टया पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और अवांछनीय आचरण माना है। साथ ही इसे मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत बताया गया। इसी आधार पर उसे निलंबित किया गया।