भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 से 12 वीं तक के परीक्षा पैटर्न में बदलाव कर दिया है। मंडल ने सोमवार को ब्लूप्रिंट और अंक योजना जारी कर दी है। इस बार प्रश्नपत्र सीबीएसई की तर्ज पर तैयार किए हैं, जिसमें अति लघु उत्तरीय प्रश्नों की संख्या को बढ़ाया है, तो दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों की संख्या कम कर दी है। मंडल ने अपने वेबसाइट पर नए बदलाव की विस्तृत जानकारी अपलोड कर दी है। बोर्ड के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के अनुसार नई मार्किंग स्कीम और अंक विभाजन लागू किया गया है।
वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में कुल 40 प्रतिशत 75-80 अंकों के पेपर अनुसार प्रश्न होंगे। अति लघु उत्तरीय प्रश्न क्रमांक 6 से 17 तक यानि कुल 12 प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न पर 2 अंक निर्धारित हैं। इसके अलावा लघु उत्तरीय प्रश्न क्रमांक 18 से 20 तक कुल 3 प्रश्न होंगे, जोकि प्रत्येक पर 3 अंक मिलेंगे। दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में क्रमांक 21 से 23 तक कुल 3 प्रश्न होंगे, जोकि प्रत्येक प्रश्न पर 4 अंक निर्धारित हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा पैटर्न को सीबीएसई तर्ज पर तैयार किया गया है। इसका ब्लूप्रिंट माशिमं की बेवसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। छात्र इसे डाउनलोड कर सकते हैं।
नए पैटर्न में छात्रों को अब ज्यादा अति लघु उत्तरीय सवाल हल करने होंगे। वही बिना प्रैक्टिकल वाले विषयों में 80 अंक सैद्धांतिक (थ्योरी) और 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन/प्रोजेक्ट के लिए होंगे। कक्षा 9, 10 वीं/12वीं के सिलेबस पिछले सत्र के समान ही रखे गए हैं। बस सत्र का नाम अपडेट कर दिया है। छात्र आधिकारिक एमपीबीएसई वेबसाइट से विस्तृत पीडीएफ डाउनलोड कर परीक्षा पैटर्न का ब्लू-प्रिंट देख सकते हैं।
सीबीएसई पैटर्न पर बनेंगे प्रश्न-पत्र
माशिमं नौवीं से 12वीं तक सीबीएसई पैटर्न पर किताबें लागू कर दी है। पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा सभी किताबों का प्रकाशन भी इसी अनुसार किया जाता है। वर्ष 2022-23 की परीक्षा के प्रश्न-पत्रों का पैटर्न परंपरानुसार था। पिछले साल से मंडल ने इस पैटर्न को बदल दिया है। बदलाव को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य के अनुसार,सीबीएसई की तर्ज पर इस बार नौवीं से 12 वीं तक के प्रश्नपत्रों का पैटर्न रहेगा। इस बार से लघु उत्तरीय प्रश्नों में विकल्प नहीं होगा। अब तार्किक प्रश्न पूछे जाएंगे।
इस तरह होगी अंक योजना
10 वीं - कुल 75 अंक
- कुल प्रश्नों की संख्या - 23
- वस्तुनिष्ठ प्रश्न - 30 अंक (प्रत्येक उप प्रश्न पर एक अंक निर्धारित है)
- वैकल्पिक प्रश्नों में रिक्त स्थानों की पूर्ति, सत्य-असत्य लिखिए, सही जोड़ी का मिलान और एक वाक्य में लिखिए - प्रत्येक छह अंक।
- अति लघुउत्तरीय 12 प्रश्न - 24 अंक (प्रत्येक प्रश्न दो अंक निर्धारित हैं)।
- लघु उत्तरीय तीन प्रश्न - नौ अंक (प्रत्येक प्रश्न पर तीन अंक निर्धारित है)।
- दीर्घ उत्तरीय तीन प्रश्न - 12 अंक (प्रत्येक प्रश्न पर चार अंक निर्धारित है)।
12 वीं नॉन प्रायोगिक विषय का प्रश्नपत्र - कुल 80 अंक
- वस्तुनिष्ठ प्रश्न - 32 अंक (प्रत्येक उप प्रश्न पर एक अंक निर्धारित है)
- वैकल्पिक प्रश्न - छह अंक
- रिक्त स्थानों की पूर्ति - छह अंक
- सत्य-असत्य लिखिए - छह अंक
- सही जोड़ी का मिलान - सात अंक
- एक वाक्य में लिखिए - सात अंक
- अति लघुउत्तरीय 10 प्रश्न - 20 अंक (प्रत्येक प्रश्न दो अंक निर्धारित हैं)।
- लघुउत्तरीय चार प्रश्न - 12 अंक (प्रत्येक प्रश्न पर तीन अंक निर्धारित है)।
- दीर्घ उत्तरीय चार प्रश्न - 16 अंक (प्रत्येक प्रश्न पर चार अंक निर्धारित है)।
12वीं के प्रायोगिक विषय का प्रश्नपत्र-70 अंक
- वस्तुनिष्ठ प्रश्न -28 अंक (प्रत्येक उप प्रश्न पर एक अंक निर्धारित है)
- वैकल्पिक प्रश्न - छह अंक
- रिक्त स्थानों की पूर्ति - छह अंक
- सत्य-असत्य लिखिए - छह अंक
- सही जोड़ी का मिलान - पांच अंक
- एक वाक्य में लिखिए - पांच अंक
- अति लघुउत्तरीय सात प्रश्न - 14 अंक (प्रत्येक प्रश्न दो अंक निर्धारित हैं)।
- लघुउत्तरीय चार प्रश्न - 12 अंक (प्रत्येक प्रश्न पर तीन अंक निर्धारित है)।
- दीर्घ उत्तरीय चार प्रश्न -16 अंक (प्रत्येक प्रश्न पर चार अंक निर्धारित है)।