भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को भारतीय वन प्रबंधन संस्थान यानी IIFM के परिसर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का आयोजन हुआ। भारतीय खेल प्राधिकरण के मध्य क्षेत्रीय केंद्र भोपाल ने माय भारत के सहयोग से यह कार्यक्रम कराया। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और तमिलनाडु के 150 से ज्यादा युवा इसमें शामिल हुए।
योग और वार्म-अप से हुई शुरुआत
अभियान का मकसद युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था। साथ ही खेल, फिटनेस और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए उन्हें स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत वार्म-अप और योग सत्र से हुई। इसके बाद विशेष अतिथि पैरालिंपियन और एशियाई खेलों के पदक विजेता यश यादव का स्वागत किया गया। उनका सम्मान SAI CRC भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक गौरव रावत ने किया।

गौरव रावत बोले, खेल और फिटनेस निभा सकते हैं अहम भूमिका
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए गौरव रावत ने कहा, "युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल और फिटनेस महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इस अभियान के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना और नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।" कार्यक्रम में युवाओं को नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

गेम ज़ोन में रस्साकशी से तीरंदाजी तक
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण थीम आधारित गेम ज़ोन रहा। इसमें FIT India Fitness Challenge के तहत स्किपिंग और स्क्वैट्स के साथ बास्केटबॉल, तीरंदाजी, शूट द केन्स, रस्साकशी और बॉल इन द बकेट जैसी गतिविधियां हुईं। गौरव रावत और माय भारत के राज्य निदेशक मंगल जाखड़ ने दो टीमों के बीच रस्साकशी शुरू कराकर गेम ज़ोन का शुभारंभ किया। इससे युवाओं में उत्साह दिखा और टीमवर्क व खेल भावना को बढ़ावा मिला।
इस मौके पर SAI CRC भोपाल के सहायक निदेशक रजत शर्मा और नवीन कुमार गोब्बरू, माय भारत के जिला युवा अधिकारी उमंग जैन के साथ प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

संडे ऑन साइकिल में भी जुटे युवा
FIT India मूवमेंट के तहत विशेष संडे ऑन साइकिल का भी आयोजन हुआ। गौरव रावत और मंगल जाखड़ ने युवाओं के साथ IIFM परिसर में साइकिल चलाई। प्रतिभागियों ने FIT India, HIT India का संदेश दिया और रोजमर्रा की दिनचर्या में नियमित शारीरिक गतिविधि शामिल करने की अपील की। समापन पर पुरस्कार वितरण हुआ, जिसमें अलग-अलग गतिविधियों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।