धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन स्कूली बच्चों की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक को टक्कर मार दी। मरने वालों में दो सगे भाई और उनकी मौसेरी बहन शामिल हैं। तीनों स्कूल से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रॉल चालक मौके से फरार हो गया।
स्कूल से लेने गया था भाई
हादसा महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, उत्कर्ष आंगन कॉलोनी का रहने वाला प्रियांश 9वीं में पढ़ता था। गुरुवार को वह खुद स्कूल हनीं गया था। दोपहर में वह अपने छोटे भाई और मौसेरी बहन को लेने स्कूल पहुंचा था। प्रियांश दोनों को बाइक में बैठाकर घर लौट रहा था। तभी पीछे से या सामने से आए ट्रॉले ने टक्कर मार दी। अन्य दोनों मृतकों में मोक्ष 5वीं में और आरुषि 7वीं में पढ़ती थी।
10 मीटर तक घिसटते गए बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद बाइक और तीनों बच्चे करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसा इतना भीषण था कि शवों की हालत देख लोगों की रूह तक कांप गई। सड़क पर स्कूल बैग, किताबें, कॉपियाँ और जूते बिखर गए। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही तीनों की मौत हो चुकी थी।
पहचान और पोस्टमार्टम हुआ
हादसे के बाद हाईवे पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को संभाला। बाइक के नंबर, आई-कार्ड और कॉपी किताबों के आधार पर बच्चों की पहचान की गई और परिजनों को खबर दी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भेजा गया। वहीं, पीथमपुर थाना पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर लिया गया है। हालांकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।