भोपाल। सीहोर जिले की बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी गांव में वन विभाग और प्रशासन की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलाकात की । इस दौरान परिवारों ने उन्हें अपने घरों, फसलों और पानी की व्यवस्था को हुए नुकसान की जानकारी दी । मामले को गंभीर बताते हुए चौहान ने मौके से ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल से फोन पर बात की।
शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी फोन कर मामले की जानकारी दी । उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी चर्चा करेंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें ।
घर, फसल और कुएं को नुकसान की शिकायत
प्रभावित परिवारों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान उनके मकानों को नुकसान पहुंचा और खेतों में खड़ी मक्का व तुअर की फसल भी नष्ट हो गई, पीने और सिंचाई के पानी के लिए इस्तेमाल होने वाले कुएं को मिट्टी से भर दिए जाने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों में परिवारों के सामने रहने, खाने और पानी की व्यवस्था से जुड़ी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

प्रभावित परिवारों के लिए आवास और अस्थायी मदद का भरोसा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के घर टूटे हैं, उनके लिए घर बनवाने की व्यवस्था की जाएगी। स्थायी इंतजाम होने तक उनके रहने और खाने-पीने की अस्थायी व्यवस्था करने का भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और मामले में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।