उज्जैन। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में होने वाले भारत बनाम वेस्ट इंडीज टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक रविवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई और विशेष पूजा करने के साथ आशीर्वाद मांगा। उन्होंने आगामी मैचों में टीम की सफलता और कामयाबी के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया भी उनके साथ मौजूद रहे।
गर्भगृह में माथा टेका और नंदी हाल में शिव आराधना की
महाकाल मंदिर पहुंचकर गंभीर और कोटक ने सबसे पहले गर्भगृह की चौखट पर माथा टेका। इसके बाद दोनों नंदी हाल में बैठे और विधि-विधान से शिव की आराधना की। वहीं, मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति का माहौल दिखा।
बाबा का आशीर्वाद हमेशा देश के साथ-गंभीर
महाकाल के दर्शन करने के बाद गंभीर ने मीडिया से बात करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल ने उन्हें खुद दर्शन के लिए बुलाया है और उनका आशीर्वाद हमेशा उन पर और पूरे देश पर बना रहता है। गंभीर ने भरोसा जताया कि टीम क्रिकेट के मैदान पर बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी।
क्या दूसरे खिलाड़ी भी आएंगे उज्जैन
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों कोचों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। समिति के प्रतिनिधियों ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाया और प्रसाद भेंट किया। इंदौर में होने वाले टी20 मैच के लिए भारतीय टीम इन दिनों मध्य प्रदेश में है। बताया गया है कि गंभीर जब भी इंदौर आते हैं, महाकाल के दर्शन करने जरूर पहुंचते हैं। कोचों के दर्शन के बाद क्रिकेट प्रेमियों में चर्चा है कि मैच के बाद टीम के दूसरे खिलाड़ी भी आशीर्वाद लेने उज्जैन आ सकते हैं।