करियर। भारतीय रेलवे में स्टेशन मास्टर भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने पहली बार आरआरबी अजमेर को स्टेशन मास्टर भर्ती परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की प्रक्रिया में इसे पहला बड़ा कदम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि रेलवे 1200 से अधिक पदों के लिए इसी महीने विज्ञापन निकाल सकता है। अनुमान है कि 25 लाख से ज्यादा उम्मीदवार इस भर्ती में बैठ सकते हैं।
अजमेर बोर्ड के सामने बड़ी जिम्मेदारी
देशभर में रेलवे बर्ती बोर्ड की संख्या 21 है। ऐसे में सभी बोर्डों के उम्मीदवारों की परीक्षा कराना आरआरबी अजमेर के लिए बड़ी चुनौती होगी। पहले स्टेशन मास्टर की भर्ती एनटीपीसी ग्रेजुएट लेवल भर्ती के तहत होती थी। इस साल से इस पद को एनटीपीसी भर्ती से अलग कर दिया गया है। एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, आरआरबी अजमेर के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि विज्ञापन इसी महीने आने की पूरी संभावना है। इसमें 1200 से अधिक पदे हो सकते हैं। अजमेर बोर्ड इससे पहले देशभर के रेलवे कर्मचारियों के लिए ग्रुप बी पदों की परीक्षा करा चुका है।
न्यूनतम आयु सीमा 18 से बढ़कर 20 साल हुई
रेलवे बोर्ड ने स्टेशन मास्टर पद पर सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम उम्र बढ़ा दी है। अब यह 18 की जगह 20 साल होगी। अधिकतम आयु सीमा में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यानी वह 30 साल ही रहेगी। रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार भारतीय रेल स्थापना नियमावली में संसोधन कर यह बदलाव किया गया है। नया नियम आदेश जारी होने की तारीख से लागू होगा।
अब सिर्फ एक स्टेप में सीबीटी लिखित परीक्षा
उम्मीदवारों के लिए परीक्षा प्रक्रिया भी आसान की गई है। रेलवे बोर्ड ने 2026 से स्टेशन मास्टर भर्ती के लिए अलग केंद्रीयकृत अधिसूचना जारी करने का फैसला किया है। साथ ही दो चरणों की लिखित परीक्षा खत्म कर दी है। अब सीबीटी 1 और सीबीटी 2 की जगह सिर्फ एक कंप्यूटर आधारित परीक्षा होगी। यह एग्जाम 100 अंक का होगा।
-कैंडिडेट्स को इसे सॉल्व करने के लिए 2 घंटे मिलेंगे।
-बेसिक साइंस, गणित और डेटा विश्लेषण से 60 अंक के सवाल आएंगे। लॉजिकल कैपेबिलिटी से 20 और मेंटल रीजनिंग से 20 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।
चयन प्रक्रिया और योग्यता
लिखित परीक्षा के बाद रिक्तियों के 8 गुना उम्मीदवारों को कंप्यूटर बेस्ट एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा के 70 प्रतिशत और एप्टीट्यूड टेस्ट के 30 प्रतिशत अंक जोड़े जाएंगे। इसके बाद एक के बदले एक के अनुपात में उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा। आवेदन के लिए ग्रेजुएशन होना जरूरी है। पद का वेतन लेवल 6 होगा और मेडिकल मानक A2 तय किया गया है।